लडभड़ोल (मंडी)। क्षेत्र की पंचायत खद्दर में धरती माता मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया और जांच पड़ताल की। जानकारी के अनुसार खद्दर निवासी कुलदीप कुमार सोमवार सुबह 10 बजे मंदिर में माथा टेकने गए तो उन्होंने देखा कि शिव मंदिर और धरती माता मंदिर का ताला और साथ में सराय के बीच वाले कमरे का ताला टूटा हुआ था। धरती माता मंदिर के दोनों दान पात्रों के ताले भी टूटे हुए पाए गए। उन्होंने इसकी सूचना अपने चाचा सूरज प्रकाश सकलानी को फोन से दी और खद्दर पंचायत प्रधान प्रीतो देवी और अन्य गांववासियों को बताया। साथ ही पुलिस को भी जानकारी दी। धरती माता मंदिर में पुजारी संसार चंद निवासी झुलगण रहते थे जो कि पिछले 25 दिन बीमार चल रहे हैं और मंदिर में नहीं आए। इस चोरी की घटना में चांदी का एक छतर मानटीका, एक नथ और श्रद्धालुओं द्वारा डाले गए रुपये भी चोर चुरा ले गए हैं। मौके पर लडभड़ोल पुलिस चौकी कर्मचारियों ने इसी चोरी की घटना के बयान कलम बंद किए हैं। उधर, डीएसपी पधर संजीव सूद ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील भी की है कि मंदिरों में सीसीटीवी या पुजारी रखना सुनिश्चित करें और मंदिरों में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई नकदी की जानकारी स्थानीय पुलिस चौकी को जरूर दें। साथ ही पंचायतों में रहे बाहरी राज्यों के लोगों का पंजीकरण स्थानीय पुलिस चौकी में जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि अगर कोई पंचायत इस कार्य को नहीं करवाती हैं तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।