ऐहजू क्लीनिक में चोरी समेत कई वारदातों में संलिप्तता की जांच
पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर में हाल के दिनों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक सक्रिय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बैजनाथ क्षेत्र के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपियों से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार (30) निवासी डाकघर सकड़ी, अविनाश उर्फ अबू (24) निवासी गांव व डाकघर महाकाल तथा आदित्य कुमार उर्फ आदू निवासी गांव व डाकघर उस्तेहड़, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को मंगलवार देर रात पुलिस चौकी चौंतड़ा की टीम ने गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के तार क्षेत्र में हुई कई चोरी की वारदातों से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस ऐहजू के समीप स्थित एक निजी क्लीनिक में नकदी चोरी की घटना में भी उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। इसके अलावा जोगिंद्रनगर शहर, लडभड़ोल बाजार और टिकरू गांव में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी उनसे पूछताछ की जा रही है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उपमंडल में हुई अन्य चोरी की वारदातों में उनकी संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है।