नाचन विधानसभा क्षेत्र के नालनी व कुपड़ीधार में दिनदहाड़े दो घरों से चोर लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर गए। चोर दोनों घरों से आभूषण समेत अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। सूचना मिलने पर निहरी पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया।
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी को नालनी गांव के सुरेंद्र कुमार व उनका परिवार घर से बाहर गए थे। इस दौरान दिनदहाड़े चोरों ने घर के ताले तोड़ घटना को अंजाम दिया। जब घर पहुंचे तो पाया कि तीन कमरों के ताले टूटे हुए हैं। जांच में सुरेंद्र ने पाया कि घर से सोने की दो तोले की दो बालियां, सोने की एक अंगूठी चोरी हो गई है।
इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। वहीं, चौकी गांव के समीपवर्ती कुपड़ीधार में भी 15 फरवरी को ही दिनदहाड़े ढमेश्वर के घर के ताले तोड़ कर चोर सामान चुरा ले गए। चोर सोने की बालियां, लैपटॉप, टैब व अन्य कीमती सामान उड़ा ले गए। घर पहुंचने पर ढमेश्वर व अन्य हैरान रह गए।
जांच में पाया कि स्वर्ण आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक कीमती सामान के अलावा छह हजार नकदी भी चोर उड़ा ले गए। क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की दो घटनाओं के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, ग्राम पंचायत घरोट के पूर्व प्रधान भूप सिंह ने बताया कि चोरी के मामले से लोगों में भय है। लोग इसका कारण क्षेत्र में पुलिस की ओर से गश्त नहीं होने को भी मान रहे हैं। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में गश्त कर चोरी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जाए।
उधर, निहरी पुलिस चौकी के प्रभारी खलील अहमद ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस चोरों की धर पकड़ के लिए कार्रवाई कर रही है। पुलिस इलाके में गश्त कर रही है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।