13 फरवरी से पड्डल मैदान में फुटबाल प्रतियोगिता होगी शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में इस बार महिला खिलाड़ी भी वाॅलीबाल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। पुरुष वर्ग की टीमों के साथ-साथ महिला वर्ग की टीमों में भी मुकाबले खेले जाएंगे। 28 फरवरी को पड्डल मैदान में वाॅलीबाल प्रतियोगिता शुरू होगी। एक मार्च को पुरुष वर्ग में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए मुकाबले होंगे।
2-3 मार्च को पुरुष वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तहत टीमें आपस में मैच खेलेंगी। वाॅलीबाल प्रतियोगिता में विभागीय टीमें भी खेलेंगी। राष्ट्रीय खिलाड़ी भी खेलते हुए नजर आएंगे। 13 से 16 फरवरी तक फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें 15 वर्ष से कम आयु वर्ग और महिला फुटबाल, सीनियर फुटबाल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष लीला विलास ने बताया कि इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
21 फरवरी को देहरी से कूच करेंगे देव खुड्डी जहल
खुड्डी गाड़ के देव खुड्डी जहल 21 फरवरी को अपने मूल स्थान देहरी से अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि पर्व के लिए रवाना होंगे। देवता खुड्डी जहल के साथ सैकड़ों देवलु भी महाशिवरात्रि के लिए कूच करेंगे। कारदार ठाकुर दास मंडयाल ने बताया कि बिहणी, जंजैहली, बगस्याड़, गोहर और घासनु होते हुए मंडी शहर में पहुंचेंगे। 26 फरवरी को मंडी पहुंचने पर राज देवता माधो राय मंदिर में हाजिरी भरकर देवता राजमहल जाएंगे। संवाद