जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल के बाग गदियाड़ा स्थित ऐतिहासिक विष्णु मंदिर में वार्षिक उत्सव भगवती जागरण का आयोजन किया गया। इसमें मंडी, शिमला और कांगड़ा के भजन गायकों ने भजनों, भेंटों से खूब समां बांधा। जोगिंद्रनगर के कलाकार संजीव ने कार्यक्रम का आगाज किया। उन्होंने मेरी मां के बराबर कोई नहीं, मुरादें पूरी कर दें आदि भजन पेश कर श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया।
मंडी से विकास शर्मा ने मां के मंदिर जाणा, ओ मां भजन की प्रस्तुति दी। जोगिंद्रनगर के राकेश रावत ने शिरडी वाले साईं बाबा, तूने मुझे बुलाया शेरा वालिये आदि भजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की पूर्व प्रति कुलपति प्रो. अनुपमा सिंह बतौर मुख्यातिथि शरीक हुईं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से हमारी संस्कृति की आम लोगों को जानकारी मिलती है।
उन्होंने आयोजन के लिए मंदिर कमेटी के प्रधान प्रो. संजीत सिंह ठाकुर को बधाई दी। कार्यक्रम में माता ज्वालाजी मंदिर के पुजारी परिवार से गणेश शर्मा ने माता की पावन ज्योति के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। खड़ीहार पंचायत के प्रधान मस्त राम कार्यक्रम में विशेष अतिथि मौजूद रहे। इस दौरान भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। लोगों ने नया अन्न चढ़ा कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। संवाद