समय सारणी को लेकर हुए विवाद केचलते पाधरू में खडी सरकारी व निजी बस
गोहर (मंडी)। मंडी-गोहर-जंजैहली रूट पर बस की समय सारणी को लेकर विवाद हो गई। निजी बस ऑपरेटरों ने सोमवार को पाधरू में एचआरटीसी बस को रोक दिया। इस दौरान एचआरटीसी के चालक-परिचालकों में खूब बहसबाजी हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एचआरटीसी प्रबंधन को भी मौके पर पहुंचकर विवाद सुलझाना पड़ा। मामले में पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया है।
निजी बस ऑपरेटर सम्मी ने आरोप लगाया है कि मंडी जंजैहली रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस के चालक और परिचालक मनमर्जी से बस चला रहे हैं। इसकी शिकायत पुलिस को दी है। उन्होंने बताया कि पहले से निर्धारित समय सारणी पर निजी बस चल रही हैं, लेकिन एचआरटीसी की बसें कुछ रूटों पर समय पर नहीं चल रही हैं और वह निजी बसों की समयसारिणी को बिगाड़ रहे हैं। इस कारण रूट पर बसों को खाली ही चलाना पड़ रहा है।
बस ऑपरेटरों में गौरव भारद्वाज, सम्मी, सोनू, विशाल और रविंद्र ने बताया कि इस बारे में कई बार आरएम मंडी को बताया गया, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उधर, एचआरटीसी मंडी स्थित आरएम नरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस और निगम के निरीक्षक मौके पर गए थे। वहीं, पुलिस थाना धनोटू के प्रभारी गगन सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से शिकायत पत्र मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
समय सारणी को लेकर हुए विवाद केचलते पाधरू में खडी सरकारी व निजी बस