कहा- सीएम सुक्खू केंद्र पर फोड़ रहे ठीकरा, लोक निर्माण मत्री जता रहे आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि हिमाचल की सरकार अपनी नाकामयाबी का ठीकरा प्रतिदिन केंद्र की भाजपा सरकार पर फोड़ रही है, जबकि एक तरफ सीएम कुछ बाेल रहे हैं तो लोक निर्माण मंत्री कुछ और बोलकर केंद्र सरकार का आभार जता रहे हैं। मुख्यमंत्री सच बोल रहे या उनके मंत्री कोई समझ नहीं पा रहे हैं।
कहा कि सुक्खू कैबिनेट के मंत्री योगी मॉडल को अपनाने की बात सार्वजनिक मंचों से कर रहे हैं। इस पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू को हाईकमान का सहारा लेना पड़ रहा। कहा कि कांग्रेस सरकार कंफ्यूजन वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रदेश की सुक्खू सरकार के मंत्री भाजपा शासित राज्यों के कामकाज की सराहना करते हैं। वहीं, कांग्रेस हाईकमान के दबाव में फिर वे बचाव की मुद्रा में चले जाते हैं। इस तरह सरकार के विरोधाभासी बयान सामने आ रहे हैं।
भाजपा मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि पीडब्लूडी मंत्री को चर्चा में बने रहने की आदत हो गई है। वे हर महीने दिल्ली पहुंच केंद्रीय मंत्री के साथ फोटो खिंचवा जनता को भ्रमित करने में लगे हैं। शिमला ग्रामीण और मंडी संसदीय क्षेत्र की सड़कों के गड्ढे इस बात की गवाही देते हैं कि विक्रमादित्य ने कितने काम दो सालों में किए हैं। दूसरों के कार्यों का श्रेय लेना उन्हें बखूबी आता है, चाहे कितनी भी फजीहत हो जाए।