करसोग (मंडी)। उपमंडल मुख्यालय करसोग के साथ लगते गांवों में जल शक्ति विभाग अब तक पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं कर सका है। उपमंडल के भडारनु, देहरी, पनचक्र न्युली और आस पास के गांवों में 15 दिनों से पानी की एक बूंद भी नहीं टपकी है। इस पर ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्रोत से पेयजल आपूर्ति होती है वह गांव से अधिक दूर नहीं है, फिर भी विभाग ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति नहीं कर पा रहा है। ग्रामीणों को गांवों से करीब एक किलोमीटर दूर खड्ड से पानी लाना पड़ रहा है। इससे बरसात के चलते कई तरह के जन जनित रोग होने की आशंका बनी हुई है।
विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों से आग्रह करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ऐसे में अब ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी रोष है। भडारनु निवासी जीवानंद, कर्म चंद, हिमा देवी, डोलमा, देहरी के रितेश, धर्मपाल, न्युली के जोगराज, बंशी लाल आदि ने बताया कि बरसात में विभाग के जल स्रोत क्षतिग्रस्त हुए हैं।
15 दिन बाद भी स्रोतों और क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत नहीं की गई है, जो जल शक्ति विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली को दर्शाती है। ग्रामीणों ने विभाग से आग्रह किया है कि जल्द पेयजल स्रोतों और पाइप लाइन को दुरुस्त कर पेयजल मुहैया करवाया जाए। चेताया कि यदि शीघ्र पेयजल बहाल नहीं किया गया तो ग्रामीण विभागीय कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।
...
भडारनु,, देहरी, न्युली पनचक्र गांवों के लिए पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल कर दी जाएगी। जलस्रोत में अत्यधिक रेत और गाद भरने से पाइपलाइन जाम हो गई थी, जिसे दुरुस्त कर दिया गया है। बुधवार को पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
-कृष्ण कुमार, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग करसोग
000