उपभोक्ताओं ने लगाया सिलिंडर वितरण में भेदभाव करने का आरोप
सोमवार से चौंतड़ा और आसपास के इलाकों में आपूर्ति शुरू होगी : राकेश
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। जोगिंद्रनगर उपमंडल के चौंतड़ा और आसपास के क्षेत्रों में नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से एक माह से अधिक समय से गैस सिलिंडर की आपूर्ति न होने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र के साथ लगातार गैस सिलिंडर वितरण में भेदभाव किया जा रहा है।
स्थानीय उपभोक्ता सुरेश कुमार, मिट्ठू, प्रकाश चंद, हरि सिंह, रिंकी, मंजू, सुरेंद्र, प्यार चंद आदि ने बताया कि गैस सिलिंडर न मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ओटीपी के माध्यम से कई दिन पूर्व गैस बुकिंग की है, लेकिन एजेंसी में गैस सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं हो रही। इससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को परेशान होना पड़ रहा है। इस बारे में खाद्य आपूर्ति निरीक्षक केसी पुरी ने बताया कि इंडियन गैस प्रभारी को चौतड़ा क्षेत्र में शीघ्र गैस आपूर्ति करने के आदेश दिए हैं ताकि चौंतड़ा व आस पास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की नियमित आपूर्ति मिल सके। इंडेन गैस एजेंसी के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार से चौंतड़ा और आसपास के इलाकों में सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू होगी।