पंडोह डाकघर में चोरी घटना को लेकर जांच पड़ताल करती पुलिस।
पंडोह (मंडी)। उपडाकघर पंडोह में तीसरी बार चोरी की घटना पेश आई है। शातिरों ने इनवर्टर की दो बैटरियां और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर चुरा ली। शिकायत मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तथ्य जुटाए। उपडाकघर पंडोह के कर्मचारियों को चोरी की घटना का पता सोमवार सुबह चला। कर्मचारी उपडाकघर पहुंचे तो दरवाजे पर ताला तो लटका था लेकिन हैंडल तोड़ दिया गया था। घटना की सूचना पुलिस चौकी पंडोह को दी। पुलिस ने देखा तो वहां पर इनवर्टर की दो बैटरियां चुरा ली गई थीं। इसके साथ ही शातिर सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग को स्टोर करने वाली डीवीआर को भी चुरा ले गए।
उधर, सदर पुलिस थाना प्रभारी देशराज ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही शातिरों का पता लगा लिया जाएगा। वहीं, उप डाकघर में तैनात अधिकारी बृजलाल ने बताया कि इससे पहले भी डाकघर में दो बार चोरी का प्रयास किया जा चुका है। हालांकि शातिर सरकारी संपत्ति को चुराने में असमर्थ रहे, लेकिन अब करीब चार माह बाद चोरी के तीसरे प्रयास में शातिर दो बैटरियां और सीसीटीवी की डीवीआर चुरा ले गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बारे में पुलिस को शिकायत दी गई है।
...
छह महीने में दो दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं
पंडोह क्षेत्र में पिछले 6 महीनों के दौरान चोरी की लगभग दो दर्जन से ज्यादा घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसमें पुलिस ने सिर्फ एक शातिर को ही पकड़ा और उसे भी हिदायत देकर छोड़ दिया गया। पंडोह बाजार और इसके आसपास के इलाकों में ग्रामीण बार-बार पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।