भांबला/सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल के आंबलागलु-बलद्वाड़ा वाया चौक-तलाई खस्ताहाल सड़क को स्थानीय युवा स्पोर्ट्स क्लब चौक के युवाओं ने खुद संवारा। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे थे। इस कारण मार्ग पर बस सेवा बंद थी।
लोक निर्माण विभाग से हालत सुधारने की गुहार लगाई लेकिन विभाग ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। मजबूरन स्थानीय युवा स्पोर्ट्स क्लब चौक के युवाओं ने प्रधान विनोद कुमार की अगुवाई में मोर्चा संभालते हुए सड़क पर पड़े गड्ढों को पत्थरों और मिट्टी से भर कर सड़क की समतल बनाया। क्लब के सदस्य हरवंश, उपेंद्र, गोपाल, भुट्टो, यसवंत, दूनी चंद, विजय, राज कुमार, दलीप सिंह ने बताया कि उन्होंने श्रमदान से करीब एक किलोमीटर सड़क को ठीक कर दिया है। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता भूपेंद्र पाल ने कहा कि बरसात के चलते सड़क की मरम्मत नहीं करवाई जा सकती है। संवाद