मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान चौहटा बाजार की जातर से पूर्व केबल ऑपरेटरों की ओर से अभी तक अनावश्यक तारों को नहीं हटाया गया है। इससे चौहटा जातर के दौरान देवरथों को गुजारने और बैठने में देवलुओं और कारदारों को परेशानी होगी। करीब एक साल पूर्व चौहटा में बिजली पोल से गुजारी केबल तार को ठीक करते समय गिरने से एक केबल ऑपरेटर कर्मचारी की मौत हो गई थी, लेकिन स्थिति में अभी तक सुधार नहीं हो पाया है।
16 फरवरी से शुरू हो रहे अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान शहर में जिलेभर से देव रथ यहां पहुंचेंगे। जमीन छू रहे केबल तारों की वजह से देवरथों को गुजारने में परेशानी रहेगी। मंगलवार को जिला प्रशासन, नगर निगम, दूरसंचार निगम और केबल ऑपरेटरों ने शहर का संयुक्त निरीक्षण किया है।
महोत्सव से पूर्व जिला प्रशासन की ओर से सभी विभागों और अन्य संस्थाओं के साथ बैठक कर उचित दिशा-निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अभी तक दूर संचार विभाग ने ही अनावश्यक तारों को कुछ स्थानों से निकाल दिया है। अन्य केबल एवं इंटरनेट सेवा प्रदाताओं की ओर से अनावश्यक तारों को नहीं निकाला है।
पूर्व में बिजली बोर्ड ने चौहटा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में बिजली खंभों पर लटक रहे केबल तारों को काट दिया था। बिजली बोर्ड अधिकारियों ने केबल ऑपरेटरों को बिजली खंभों पर लटकाए गए केबल तारों को हटाने के लिए दो सप्ताह का समय दिया था, लेकिन अब तक इन तारों को नहीं हटाया गया है।.........
बिजली बोर्ड, दूरसंचार और केबल ऑपरेटरों को पहले ही अनावश्यक तारों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। दूरसंचार निगम ने तो कुछ क्षेत्रों से तार हटा दिए हैं। केबल ऑपरेटरों को दोबारा तार हटाने के लिए कहा जाएगा। दो दिनों में तार नहीं हटाए तो फिर कार्रवाई की जाएगी।
-वीरेंद्र भट्ट शर्मा, महापौर, नगर निगम मंडी
0000