जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहर की नालियां बंद होने से लोगों के घरों और शौचालयों की गंदगी हाईवे पर बह रही है। इससे राहगीर और स्थानीय दुकानदार परेशान हैं। पुलिस थाना चौक के समीप नालियों में मलबा भरने से गंदे पानी की निकासी प्रभावित हुई है।
यहां से चारों तरफ दुर्गंध फैली हुई है। बस स्टैंड, बिलिंग कॉम्प्लेक्स और आयुर्वेदिक अस्पताल की ओर जाने वाली सड़क के चौराहों पर भी नालियां बंद पड़ी हैं। कारोबारी ज्ञान चंद, विवेक, सुनील ने बताया कि नालियों से गंदा पानी हाईवे पर बहता है तो इससे दुर्गंध फैल रही है।
उधर, एनएचएआई के साइट इंजीनियर अंकित ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। आवश्यक कार्रवाई कर समाधान किया जाएगा। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी चमन लाल ने बताया कि संबंधित विभाग को नोटिस जारी कर व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कहा जाएगा। संवाद