मंडी। उपडाकघर गुरुकोठा को लेदा स्थानांतरित करने का विरोध जारी है। शुक्रवार को डाक विभाग प्रवर अधीक्षक संजय गुरुकोठा पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। वहीं, सांसद कंगना ने भी इस संबंध में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है।
भूतपूर्व प्रधान लेखराम, भीखम राम, बलदेव ठाकुर, दलीप सिंह ने कहा कि विभाग का तर्क है कि राजस्व बढ़ाने के लिए यह उपडाकघर लेदा ले जाया जा रहा है, लेकिन यह तर्कसंगत नहीं है। प्रवर अधीक्षक ने कई तरह के तर्क दिए। दूसरी जगह भी इस तरह के स्थानांतरण का जिक्र किया, लेकिन उनके तर्क ग्रामीणों के आगे नहीं ठहर पाए।
वहीं, मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद कंगना रणौत ने हिमाचल के दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में प्रस्तावित डाकघरों के स्थानांतरण और विलय को लेकर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर आपत्ति जताई है। उन्होंने विशेष रूप से कुल्लू जिले के लरांकेलो और मंडी जिले के गुरुकोठा डाकघर का उल्लेख करते हुए इन्हें वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखने की मांग की है। संवाद