5 जुलाई को नई पंचायतों में आयोजित की जाएगी पहली ग्राम सभा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर/ डैहर (मंडी)। सुंदरनगर विकास खंड की 32 पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों की परिचय बैठक शनिवार को आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) नियोन धैर्य शर्मा ने की। उन्होंने नव निर्वाचित प्रधानों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए पंचायतों के समग्र विकास के लिए सभी के सहयोग से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधान अपने दायित्व को सेवा भाव से निभाएं और आगामी पांच वर्षों में पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें। बीडीओ नियोन धैर्य शर्मा ने कहा कि पंचायत के विकास में प्रधान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी प्रधानों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया। बैठक में प्रधान पद से जुड़े अधिकारों, जिम्मेदारियों तथा पंचायत स्तर पर किए जाने वाले विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधानों को प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया तथा वीबी जी रामजी योजना शुरू करने की औपचारिकताओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत अधिनियम, नियमों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में चरणबद्ध तरीके से विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि पहली ग्राम सभा 5 जुलाई को आयोजित होगी। बीडीओ ने कोरम से संबंधित नए नियमों की जानकारी देते हुए सभी प्रधानों से निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ग्राम सभा आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रधानों से अपील की कि वे अपनी पंचायतों में नशा बेचने वालों की पहचान कर पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।बीडीओ ने बताया कि पंचायतों में मनरेगा के स्थान पर अब वीबी जी रामजी योजना लागू कर दी गई है।