जगह-जगह गड्ढे और टारिंग उखड़ने से पेश आ रहीं दिक्कतें
.........................
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर नवाही से गोड़, घुलाणू, बस्तला और मतेहड़ी को जोड़ने वाली संपर्क सड़क की हालत खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और टारिंग उखड़ने से राहगीरों, वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। समस्या के समाधान को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार लोक निर्माण विभाग और 1100 नंबर पर भी शिकायत दर्ज करवाई है, लेकिन अब तक किसी ने भी सड़क की हालत में सुधार लाने के प्रयास नहीं किए। इससे समस्या और गंभीर हो गई है।
इस संपर्क सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में निजी वाहन और स्कूल बसें गुजरती हैं। सड़क की जर्जर हालत होने से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। करीब 900 मीटर लंबे इस संपर्क मार्ग पर टारिंग उखड़ने से धूल-मिट्टी उड़ती रहती है। इससे राहगीरों और आसपास रिहायशों में रहने वालों का परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का स्तर नीचे धंस गया है।
स्थानीय निवासी कश्मीर सिंह, कर्म चंद, राज कुमार, बलवंत सिंह, पूर्ण चंद, दामोदर दास, तुलसी राम, शशि कुमार, जीवन सिंह आदि ने लोक निर्माण विभाग और स्थानीय जन प्रतिनिधियों से शीघ्र मरम्मत की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मुकेश चौहान ने बताया कि बजट के अभाव में विभाग इस संपर्क सड़क पर मिट्टी और पत्थर डाल कर मरम्मत करता रहा है। बारिश की वजह से सड़क बार-बार खराब हो रही है। बजट का प्रावधान होने के बाद ही स्थायी समाधान करवाया जाएगा। संवाद