15 अक्तूबर से आयोजित किए जाएंगे नशामुक्ति को लेकर कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर/टिहरा (मंडी)। धर्मपुर नशा मुक्ति अभियान समिति के आह्वान पर वीरवार को टिहरा, चोलथरा और सज्याओ क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई। टिहरा क्षेत्र में खंड अध्यक्ष एवं एथलेटिक्स कोच भूपिंद्र भूप्पी, पूर्व पार्षद भूपेंद्र सिंह, राजीव आर्य, यशपाल और सज्याओ में डॉ. वीना राठौर, कमला ठाकुर, राजेंद्र पाल, राजपाल ने लोगों को जागरूक किया। डरवाड़ में रणताज राणा, सतीश कुमार, मेहर सिंह, हेमराज आदि ने नशे के दुष्प्रभाव बताए।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम ग्राम पंचायत चोलथरा, सरौन, गरयोह, कोट, टिहरा, तनियार, गरौडु़, डरवाड़, घरवासड़ा, पिपली-भराड़ी, सज्याओपिपलू, जोढन, लौंगणी आदि में किए गए। भूपिंद्र भूप्पी और वीना राठौर ने कहा कि नशामुक्ति अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से अगले छह माह का सघन अभियान कार्यक्रम तैयार किया है।
15 अक्तूबर को ग्रामीण महिला दिवस के मौके पर धर्मपुर में नशा मुक्ति के बारे में महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 14 नवंबर को चोलथरा में मिनी मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। डॉ. वीना राठौर ने बताया कि अभियान संचालन के लिए पंचायत व गांव स्तरीय नशा मुक्ति अभियान समितियां गठित करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। संवाद