थुनाग (मंडी)। सराज के जंजैहली में 30 जून को हुई बारिश के बाद बहे वाहनों के अवशेष मीलों दूर मिल रहे हैं। जंजैहली से लापता हुई एक गाड़ी के अवशेष 16 दिन बाद बुधवार को नौ किलोमीटर दूर लंबाथाच में मिले। गाड़ी किसी शिक्षक की बताई जा रही है। 30 जून को हुई आपदा के बाद अब तक 165 लोग गाड़ियों के लापता होने की शिकायत जंजैहली पुलिस थाने में कर चुके हैं। धीरे-धीरे आंकड़ा बढ़ रहा है। वाहन मालिक नालों और खड्डों के किनारे आपदा में बही गाड़ियों के निशान ढूंढ रहे हैं ताकि इंश्योरेंस क्लेम करने में आसानी रहे। बता दें कि 30 जून को सराज घाटी में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। 165 से अधिक वाहन टैक्सी, जीप, ट्रक, बाइक, स्कूटी बाखली खड्ड और चिउणी खड्ड के तेज बहाव में बह गए थे। थुनाग में 55-60, बगस्याड़ में 8-10, लंबाथाच में 7-9, और जंजैहली के पांडव शीला, जरोल, बूंगरैलचौक, संगलवाड़ा से 35-40 वाहन लापता हैं। कोर्ट के मैदान से 18 गाड़ियां बहीं हैं। उधर, 16वें दिन लंबाथाच शिल्लीबागी कल्हणी सड़क बड़े वाहनों के लिए बहाल हो गई है। इससे बालीचौकी क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिली है।