जोगिंद्रनगर (मंडी)। एथलेटिक सेंटर जोगिंद्रनगर में जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर खेल व लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया है। खेल मैदान को कीचड़ से बचाने के लिए निकासी नालियों के निर्माण के लिए अनुमानित पांच लाख का बजट खर्च हो रहा है।
ऐसे में बारिश के दौरान कृषि फार्म और कॉलेज की सड़क से पानी अब खेल मैदान को प्रभावित नहीं करेगा। करीब 40 प्रतिशत काम लोक निर्माण विभाग की देखरेख में पूरा हो गया है।
दिसंबर माह में ही निकासी नालियों के कार्य को पूरा करने का लक्ष्य लोक निर्माण विभाग ने रखा है। ऐसे में वर्षा से खेल मैदान में जलभराव की स्थिति से खिलाड़ियों को पेश आ रही दिक्कतों का स्थायी समाधान होगा। करीब 120 मीटर निकासी नालियों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। सेना, पुलिस व अन्य गतिविधियों के लिए आरक्षित एथलेटिक सेंटर के खेल मैदान में हल्की सी वर्षा के बाद भी जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती थी, जिस कारण खिलाड़ियों को कीचड़ से लबालब मैदान में भी अभ्यास करने को मजबूर होना पड़ता था।
इधर, कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने बताया कि एथलेटिक सेंटर जोगिंद्रनगर के कायाकल्प के कार्यों को लेकर पहले करीब 35 लाख का बजट सुरक्षा रेलिंग और रोशनी के लिए खर्च हुआ था और अब निकासी नालियों के लिए भी लाखों का बजट खर्च हो रहा है।