नलवाड़ मेले की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। कसान पंचायत में बुधवार को सदर विधायक अनिल शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें मेला कमेटी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नलवाड़ मेले की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। स्थानीय लोगों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं भी रखीं। लोगों ने वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या और खराब सड़कों की परेशानी का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। विधायक ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने, पेयजल आपूर्ति सुचारू करने और सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए।
एनएच-003 के निर्माण कार्य से उत्पन्न हो रही दिक्कतों पर भी चर्चा की गई। मेले में पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कंपनी को डंपिंग साइट को समतल करने तथा जलशक्ति विभाग के मैदान तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि मेले के दौरान किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
विधायक अनिल शर्मा ने सभी विभागों से आपसी तालमेल के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि नलवाड़ मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।