मंडी। नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा अपने कार्यकाल का तीसरा बजट 31 मार्च को पेश करेंगे। इसको लेकर शुक्रवार को महापौर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें बजट की रूपरेखा तैयार करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में नगर निगम के अधिकारियों और पार्षदों ने शहर के विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और जनहित योजनाओं को बजट में प्राथमिकता देने पर विचार-विमर्श किया। साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क सुधार और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। महापौर ने कहा कि इस बार बजट को जन अपेक्षाओं के अनुरूप बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट प्रस्ताव में सभी वार्डों की आवश्यकताओं को शामिल किया जाए। नगर निगम की आगामी बैठक में 31 मार्च को इस बजट को औपचारिक रूप से पारित किया जाएगा। इससे पहले नगर निगम के महापौर ने 2024-25 में करीब 75 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। जबकि पिछले साल 2025-26 के लिए 82.70 करोड़ का बजट पेश किया गया था। संवाद