सभी स्कूलों में परख सर्वेक्षण के लिए आयोजित होगा पहला माॅक टेस्ट
परीक्षा की तैयारी को शिक्षक सभी स्कूलों में रोजाना लगा रहे जीरो पीरियड
मौके पर ही परीक्षा का प्रशिक्षित शिक्षक निकालेंगे परिणाम, अगले माह होंगे दो अन्य मॉक टेस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राष्ट्रीय सर्वेक्षण परख 2024 के तहत मंगलवार को जिलाभर के सभी स्कूलों में तीसरी, छठी और नौवीं कक्षाओं की पहली 'परख' की जाएगी। यानी परख परीक्षा के लिए उनकी तैयारी कितनी है, इसके लिए पहला मॉक टेस्ट सुबह 10:00 बजे से करवाया जा रहा है। सभी कक्षाओं के लिए टेस्ट का समय अलग अलग है। यह टेस्ट उनकी पहले पढ़ी गई कक्षाओं पर आधारित होगा।
शिक्षकों ने मॉक टेस्ट की तैयारी करने के लिए पढ़ाई के अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए 45 मिनट तक इस टेस्ट की तैयारी के लिए जीरो पीरियड लगाए जा रहे हैं। जीरो पीरियड के दौरान विद्यार्थियों ने कितना सीखा है, इसका मॉक टेस्ट में मूल्यांकन होगा। परीक्षा के तुरंत बाद मौके पर ही परीक्षा का परिणाम प्रशिक्षित शिक्षकों की ओर से निकाला जाएगा।
इस टेस्ट के बाद अक्तूबर में दो और मॉक टेस्ट आयोजित होंगे। जबकि नवंबर में मुख्य परीक्षा होगी। मॉक टेस्ट के परिणाम के बाद शिक्षकों को बच्चों की कमियों का पता चलेगा और वह सुधार कर पाएंगे। कक्षा तीसरी की बात करें तो उन्हें पहली और दूसरी कक्षा के आधार पर टेस्ट में प्रश्न पूछे जाएंगे। छठी कक्षा के लिए चौथी और पांचवीं कक्षा से जबकि नौंवी कक्षा के विद्यार्थियों को सातवीं और आठवीं के आधार पर ही प्रश्न पूछे जाएंगे।
बता दें कि राष्ट्रीय सर्वेक्षण परख 2024 के तहत बच्चों की पढ़ाई विभिन्न स्तर पर मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए अब मॉक टेस्ट करवाए जा रहे हैं। तीन चरणों में यह मॉक टेस्ट होंगे। इसके बाद नवंबर में मुख्य परीक्षा होगी।
इस बारे में उच्च शिक्षा उपनिदेशक मंडी सुशील कुमार ने बताया कि सरकारी स्कूलों में तीसरी, छठी और नौवीं कक्षा के बच्चे परीक्षा में हिस्सा लेेंगे। सभी स्कूलों में परीक्षा की तैयारी को पूरे प्रबंध कर दिए गए हैं। सभी शिक्षकों को इसके लिए पहले ही प्रशिक्षित कर दिया गया है।