गिरीश बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। क्रिकेट में आखिरी गेंद तक जीत की उम्मीद और रोमांच किस तरह बरकरार रहता है, इसकी बानगी ग्राम पंचायत बग्गी तुंगल में आयोजित नवल किशोर एवं दीपक मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन देखने को मिली। रोमांचक मुकाबले में गुरुकुल वॉरियर्स इलेवन ने रंधाड़ा इलेवन को महज दो रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुरुकुल वॉरियर्स इलेवन ने निर्धारित ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाए। टीम की ओर से नवीन कटवाल ने 25 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 42 रन की पारी खेली, जबकि मेघ सिंह ने 25 रन का योगदान दिया। रंधाड़ा इलेवन की ओर से पुनीत रावत ने दो विकेट झटके।
105 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रंधाड़ा इलेवन की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर 102 रन ही बना सकी। पंकज राणा ने 56 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। मुकाबले का रोमांच अंतिम ओवर में चरम पर पहुंच गया, जब रंधाड़ा इलेवन को आखिरी छह गेंदों में जीत के लिए पांच रन की जरूरत थी। हालांकि, यशवंत वर्मा ने पहली ही गेंद पर पंकज राणा को आउट कर मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने दबाव भरे अंतिम ओवर में विपक्षी टीम को केवल दो रन बनाने दिए और अपनी टीम को दो रन से रोमांचक जीत दिलाई। गिरीश ठाकुर को 15 रन बनाने और दो विकेट हासिल करने के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता के चौथे दिन मानसिंह ने मुख्य अतिथि, जबकि चमन लाल ठाकुर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन कमेटी को 7,600 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।