सुंदरनगर (मंडी)। भोजपुर बाजार स्थित प्रसिद्ध श्री गोपाल मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का रविवार को पूर्णाहुति के साथ विधिवत समापन हो गया। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे और भक्तिरस में सराबोर होकर कथा का श्रवण किया।
कथा व्यास बाल योगी डॉ. प्रवीण स्वामी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस ज्ञान यज्ञ के अंतिम दिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पूर्णाहुति संपन्न हुई। इस अवसर पर समाजसेवी अभिषेक ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि संत-महात्मा समाज को आध्यात्मिक दिशा देने के साथ-साथ वैदिक एवं सनातन परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।
आयोजन समिति के प्रवक्ता सुरेश कौशल ने बताया कि इस वर्ष भी भागवत कथा में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।