मंडी। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन माता काली चामुंडा मंदिर, स्कूल बाजार में चल रही श्री देवी भागवत कथा में कथावाचक राजेश्वरानंद सरस्वती ने ऋषि व्यास के जन्म, भीष्म प्रतिज्ञा, पांडव-कौरव वंश, महाराज परीक्षित की मृत्यु और जन्मेजय के सर्प सत्र यज्ञ के प्रसंग सुनाए। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हुए।
राधा-माधव संकीर्तन मंडल और मंदिर कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय कथा में सुबह-शाम आरती व भजन-कीर्तन के साथ दोपहर में कथा सुनाई जा रही है। मंदिर कमेटी प्रधान सुंदरलाल ने यह जानकारी दी। नवरात्र के दौरान शहर के अन्य मंदिरों में भी धार्मिक आयोजन हो रहे हैं।