मंडी। जिला मुख्यालय मंडी के जेल रोड पर अवैध निर्माण के नोटिस के तहत नगर निगम मंडी की इंजीनियरिंग ब्रांच ने चिट्टा के साथ पकड़ी आरोपी उमा देवी उर्फ मोमबत्ती के आलीशान घर की निशानदेही की। शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई में पुलिस के जवान भी मुस्तैद रहे। नगर निगम के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता के नेतृत्व में टीम ने करीब एक घंटे तक पूरे घर की पैमाइश की।
मोमबत्ती पर सरकारी जमीन पर बिना नक्शा पास करवाकर तीन मंजिला घर बनाने का आरोप है। इसके खिलाफ नगर निगम ने उसे नोटिस भी जारी किया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी। कमेटी ने शुक्रवार को चिट्टा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार की गई मोमबत्ती के घर की पैमाइश की। कमेटी अब दो दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय को सौंपेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जगह पर पहले नगर निगम का शौचालय था। उल्लेखनीय है कि हाल में पुलिस ने मोमबत्ती को 34 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। वह इससे पहले भी कई बार चिट्टा रखने के आरोप में पकड़ी जा चुकी है। पुलिस अब चिट्टे के मुख्य तस्कर तक पहुंचने के लिए प्रयास कर रही है।
चिट्टा मिलने के बाद निगम हुआ सख्त
एएसपी सागर चंद्र के नेतृत्व में पुलिस ने 20 अक्तूबर को घर में दबिश देकर मोमबत्ती और उसके भतीजे को 34 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी महिला इससे पहले भी छह बार चिट्टा रखने के आरोप में पकड़ी गई थी। मगर जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से चिट्टे के कारोबार में ही संलिप्त थी। स्थानीय लोग भी कई बार चिट्टा बिकने की शिकायत कर चुके थे। ऐसे में इस बार फिर से पकड़े जाने पर नगर निगम मंडी भी सख्त हो गया है। घर का अवैध निर्माण करने के नोटिस के बाद निगम ने अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
नहीं पिघल रही मोमबत्ती, मुख्य तस्कर तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती
तीन दिन के रिमांड के बाद मोमबत्ती को 23 अक्तूबर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मगर अभी तक पुलिस उससे कुछ भी नहीं उगलवा पाई है। ऐसे में मुख्य तस्कर तक पहुंचकर चिट्टे की चेन को तोड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। फिलहाल यही सामने आया है कि वह पंजाब से चिट्टा लाती थी। मगर पंजाब में कहां से लाती थी, कौन उसे देता था, पुलिस इस पूरे नेटवर्क को तलाश रही है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई है, लेकिन अभी तक कुछ सामने नहीं आया है। अगर पता चलता है तो टीम को मुख्य आरोपी को दबोचने के लिए पंजाब भी भेजा जाएगा।
अवैध निर्माण के नोटिस पर नगर निगम की इंजीनियरिंग ब्रांच ने आरोपी मोमबत्ती के घर की निशानदेही की प्रकिया को पूरा कर लिया है। दो दिन के भीतर रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय को सौंप दी जाएगी। -एचसी जसवाल, सहायक अभियंता, नगर निगम मंडी