क्षेत्र के देवी-देवताओं सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। खणी पंचायत के कुलाहर गांव में 12 और 13 नवंबर को देव महावीर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा। समारोह को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है। इसमें विभिन्न देवी-देवताओं के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
देव समिति ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर परिसर को सजाने के साथ पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। क्षेत्र के देवी-देवताओं, गणमान्य लोगों और जनप्रतिनिधियों को निमंत्रण भेजा गया है।
देवता के कारदार नारायण सिंह ने बताया कि 12 नवंबर की शाम प्राण प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान होगा, जबकि 13 नवंबर को विशाल धाम का आयोजन किया जाएगा। इसमें दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।