धर्मपुर (मंडी)। सीटू के जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन नरदेव सिंह कंवर जब कभी भी मंडी जिले के दौरे पर आएंगे, तब यूनियन उनका सभी जगह घेराव कर काले झंडे दिखएगी। यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक मजदूरों की सहायता राशि जारी नहीं होती है। चेयरमैन व सचिव तथा अन्य अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जल्दी मजदूरों की लंबित सहायता राशि जारी करें अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि बोर्ड के चेयरमैन और सचिव जान बूझकर मजदूरों की सहायता राशि जारी नहीं कर रहे हैं। बोर्ड के सचिव राजीव कुमार भी सहायता राशि जारी करने की राह में रोड़ा डाल रहे हैं। यह सब मुख्यमंत्री के इशारे पर किया जा रहा है। कुछ समय पहले हमीरपुर जिला में कुछ फ्रॉड वर्करों के रजिस्टर होने के मामले सामने आए हैं, अब उसे बहाना बना कर मजदूरों के लाभ जारी नहीं किए जा रहे हैं। फ्रॉड वर्करों की वेरिफिकेशन नादौन विधानसभा क्षेत्र में भी करवाई जाए। मंडी जिला में 90 प्रतिशत मनरेगा, फोरलेन, हाइडल व अन्य मजदूरों का पंजीकरण हुआ है, उनका वेरिफिकेशन करने का कोई औचित्य नहीं रहता है। मंडी जिला के ही 35 हजार क्लेम पैंडिंग पड़े हैं।