मंडी। शहर के मोती बाजार में एक घर से लगभग नौ लाख के गहने और 45 हजार रुपये की नकदी चोरी का मामला पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका है। दो बार हिरासत में लेने के बाद भी पुलिस आरोपी महिला से चोरी का राज पता नहीं कर पाई है। 14 जनवरी को मोती बाजार की एक महिला ने अपनी सहेली पर चोरी के आरोप लगाए थे।
28 जनवरी को पुलिस ने आरोपों के आधार पर आनन-फानन में महिला को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की थी। सच सामने न आने पर पुलिस ने महिला को फिर अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया था, लेकिन बाद में महिला ने अदालत से बेल ले ली है। जब से महिला को हिरासत में लिया है तब से शहरवासियों के लिए मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
शहरवासी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। एक माह बाद भी पुलिस की जांच भी महिला के इर्द गिर्द ही घूम रही है। पुलिस थाना सदर के प्रभारी देशराज ने बताया कि उक्त चोरी के मामले में पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा। -संवाद