धर्मपुर (मंडी)। मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों के संबंध में भारतीय मजदूर संघ ने सोमवार को एसडीएम धर्मपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजा। प्रदेश महामंत्री नरेश ठाकुर की अध्यक्षता में संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों के जल्द समाधान की मांग की।
नरेश ठाकुर ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में श्रमिकों की अहम भूमिका है लेकिन उन्हें आज भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, न्यूनतम मजदूरी, पेंशन और चिकित्सा सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की।
संघ ने निर्माण श्रमिकों, मनरेगा मजदूरों और असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने तथा लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग उठाई। ठाकुर ने कहा कि मजदूरों की जायज मांगों को लेकर संघ आगे भी आवाज उठाता रहेगा।