ख्योड़ नलवाड़ मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देते काकू राम ठाकुर और उपस्थिति दर्शक। -स
गोहर (मंडी)। जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले की आखिरी सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक काकू राम ठाकुर ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया। ‘छोटा पैकेट, बड़ा धमाका’ के नाम से मशहूर काकू राम ने अपने पहाड़ी गिद्दे से दर्शकों को खूब नचाया।
इस अवसर पर विधायक विनोद कुमार चौहान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जहां बासा पंचायत के उप प्रधान तरुण कुमार शर्मा और अन्य ने उनका स्वागत किया। काकू राम ने कार्यक्रम की शुरुआत शिव स्तुति से की और इसके बाद अनेक नॉन स्टॉप गीतों की झड़ी लगा दी। उन्होंने ‘मेरा भोला है भंडारी’, ‘इश्क दा गिद्दा पै गया’, ‘चिंगफुंगली’ और ‘इन्हां बड़ियां जो तुड़का लाणा ओ ठेकेदारणिए’ आदि गीतों पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
संध्या की शुरुआत सूरजमणी की शहनाई की मंगल ध्वनि से हुई। इसके बाद विभिन्न कलाकारों ने अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा। हटगढ़ से रिधि, नौं ग्रां से एनके भारद्वाज, दाड़ी के घनश्याम, बासा के टेक चंद, और कई अन्य कलाकारों ने पंजाबी, हिंदी और पहाड़ी गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
सुरेश सोहल ने मिले जुले गीतों से भी दर्शकों पर छाप छोड़ी, जबकि गुलशन कुमार ने नॉन स्टॉप नाटियों और हिंदी गीतों से गोहर वासियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस तरह, ख्योड़ नलवाड़ मेले की आखिरी सांस्कृतिक संध्या ने सभी को एक यादगार अनुभव दिया।