कपाही देवता मेले का पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के कपाही बाजार में रविवार को देव श्री बाला कामेश्वर के आगमन पर पारंपरिक पूजा-अर्चना और आरती के साथ कपाही देवता मेले का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ हुआ। मेले में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर देवता का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में सुंदरनगर संयुक्त व्यापार संगठन के प्रदेश महासचिव सुरेश कौशल उर्फ बब्बू पंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि सेवानिवृत्त कैप्टन पीतांबर ठाकुर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कपाही पहुंचने पर मेला कमेटी और स्थानीय लोगों ने दोनों अतिथियों का फूलमालाओं तथा ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने देव श्री बाला कामेश्वर की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मुख्य अतिथि सुरेश कौशल उर्फ बब्बू पंसारी ने मेले के आयोजन के लिए अपनी ओर से 15 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की। वहीं, विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त कैप्टन पीतांबर ठाकुर ने भी मेले की सफलता की कामना करते हुए 5100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।