मंडी। शहर के मुख्य विश्वकर्मा चौक के पास दरक रही थनेहड़ा मोहल्ले की पहाड़ी पर डंगा लगाने के लिए 24 जनवरी को टेंडर खोला जाएगा। पहाड़ी पर डंगा लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने जनवरी की शुरुआत में टेंडर लगाया था। स्वीकृत बजट 1.66 करोड़ में से 50 लाख रुपये लोक निर्माण को जारी हो चुके हैं।
तीन चरणों में यहां डंगे का निर्माण किया जाएगा। इसे लेकर दिल्ली से आई पांच सदस्यीय टीम ने डंगा लगाने वाली जगह की मिट्टी का परीक्षण किया था। रिपोर्ट के आधार पर डंगा लगाने का डिजाइन तैयार किया गया है। वर्ष 2022 में आई आपदा के दौरान इस क्षेत्र में पहाड़ी से भूस्खलन हुआ था। इससे कई घर खतरे की जद में आ गए थे। इन्हें बाद में खाली कर दिया गया था। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता गोविंद ठाकुर ने बताया कि 24 जनवरी को टेंडर खुलेगा। इसके बाद जल्द ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। संवाद