मंडी। मां के गर्भ में अवैध रूप से शिशु लिंग की जांच करवाने की सूचना देने की इनामी राशि को प्रदेश सरकार ने दस गुना बढ़ा दिया है। इसकी सूचना देने वाले व्यक्ति को प्रदेश सरकार अब एक लाख रुपये बतौर इनाम देगी। पहले इस तरह की सूचना देने वाले व्यक्ति की सूचना सही पाए जाने पर दस हजार रुपये की राशि बतौर इनाम दी जाती थी। सरकार के इस निर्णय से चोरी छिपे मां के गर्भ में शिशु लिंग की जांच करने पर शिकंजा कसेगा। वहीं, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अधिसूचना जारी कर दी है। जून माह में जारी इस अधिसूचना में विभाग ने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को दस हजार की बजाए एक लाख रुपये इनामी राशि देने के निर्देश जारी किए हैं। मसलन अब भ्रूण हत्या को रोकने और लिंग अनुपात को और अधिक संतुलित बनाने के लिए प्रदेश सरकार और विभाग संजीदा हो गया है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को भी प्रदेश सरकार के इस निर्णय से मजबूती मिलेगी। प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कोट्............
विभाग से जून माह की शुरुआत में इस बाबत निर्देश मिले हैं। पहले शिशु लिंग जांच की सूचना सही पाए जाने पर 10 हजार रुपये बतौर इनाम दिए जाते थे। जिसे बढ़ाकर अब एक लाख कर दिया गया है। इससे चोरी-छिपे लिंग जांच करने पर शिकंजा कस सकेगा। विभागीय आदेशों को लागू कर दिया गया है। सूचना सही पाई जाने पर बढ़ी हुई इनामी राशि ही दी जाएगी।
...डा. देशराज शर्मा सीएमओ मंडी