मंडी में हल्की बारिश में अपने गंतव्य की ओर जाते लोग। संवाद
मंडी। जिला में शुक्रवार दोपहर तीन बजे के बाद मौसम ने करवट बदली। 10 मिनट हुई बारिश ने गर्मी से मुरझाए चेहरों पर रौनक ला दी। इंदिरा मार्केट की छत पर युवक और युवतियां भी बारिश में भीगते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
बारिश से शहर में कहीं पर भी नुकसान की सूचना नहीं है। उधर, दस मिनट हुई बारिश ने नगर निगम मंडी की तैयारियों की पोल भी खोल दी। शहर से सटे पुराने सुकेती ब्रिज में पानी की निकासी न होने से पुल पर जलभराव हो गया। जलभराव के बीच ऑटो और छोटे वाहन गुजरते रहे। पानी के उछलने से पुल से पैदल जा रहे लोगों के कपड़े भी खराब हुए। बारिश से तापमान में गिरावट भी दर्ज हुई। दोपहर तक मंडी शहर में तापमान 38 डिग्री था जो बारिश के बाद 36 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत भी मिली।
...
बरसात से निपटने के लिए निगम ने बनाई टीमें
शहर में बरसात से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। वार्डों में नालियों समेत दूसरे कार्य को लेकर टीमें गठित कर उन्हें काम बांट दिए गए हैं। जहां से निगम को शिकायत मिल रही है, वहां भी मौके पर कर्मचारियों को भेजा जा रहा है। शहर में नालियों को भी दुरुस्त करवाया जा रहा है। सफाई निरीक्षक सतीश गुलेरिया के अनुसार शहर में अधिकतर नालियों की सफाई करवा दी गई है। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि बरसात से निपटने को लेकर बैठक कर रणनीति तैयार की गई है। नालियों के साथ पार्क और रास्तों के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई करवाई जा रही है। सुकेती ब्रिज पर जलभराव की समस्या से भी जल्द निपटा जाएगा। संवाद