सुंदरनगर (मंडी)। दो अप्रैल से शुरू होने वाले देवता मेले का निमंत्रण राज परिवार को सुकेत देवता कमेटी और प्रशासन ने संयुक्त रूप से दिया है। यह पहली बार है कि जब प्रशासन की तरफ से राज परिवार को देवता मेले का निमंत्रण देने स्वयं तहसीलदार पहुंचे। पहले भी राजपरिवार को प्रशासन और मेला कमेटी के तरफ से निमंत्रण भेजे जाते रहे है मगर पहली बार देवता मेला प्रबंधन समिति के प्रमुख एवं तहसीलदार सुंदरनगर ने सुकेत राज परिवार के महाराज जय सिंह को अपने हाथों से निमंत्रण दिया।
जय सिंह ने निमंत्रण स्वीकारते हुए मेले में आने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुकेत सर्व देवता कमेटी के उपाध्यक्ष आचार्य रोशन ने कहा कि बड़े अरसे के बाद देवता मेले का विधिवत निमंत्रण तहसीलदार के हाथों राजपरिवार को मिला है। इसे राजपरिवार ने सहर्ष निमंत्रण स्वीकार करते हुए खुशी जताई है। रियासत काल से सुकेत देवता मेला राज परिवार के तहत होता है, मगर अब प्रशासन के जरिये इस मेले का आयोजन जवाहर पार्क में होता है। इसके लिए प्रशासन हर बार राज परिवार को मेले में पधारने के लिए निमंत्रण देता है। संवाद