सुंदरनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिला वर्ग हॉकी प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने भाग लिया जिसमें पीजी कॉलेज मंडी की टीम विजेता और एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर की टीम उपविजेता रही। पुरुष वर्ग हॉकी प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने भाग लिया। जिसमें हॉस्टल सुंदरनगर की टीम विजेता और हॉकी ऊना की टीम उपविजेता रही। फुटबाल प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया जिसमें सुंदरनगर सीनियर ब्वॉयज की टीम विजेता और मेजिशियन मंडी की टीम उपविजेता रही। वालीबाल प्रतियोगिता में कुल 11 टीमों ने भाग लिया, जिसमें शिमला की टीम विजेता और खेलो इंडिया संधोल की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग रस्साकशी में महिला मंडल चच्योट ने नालनी (ए) को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग रस्साकशी में समकल ने पुलिस विभाग को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया।
मटका फोड़ प्रतियोगिता में नीता कुमारी विजयी रही। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में नालनी (ए) प्रथम और नालनी (बी) ने द्वितीय स्थान हासिल किया। मुक्केबाजी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग 46 किलोग्राम भार वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र सुंदरनगर के प्रिंस, 49 किलोग्राम भार वर्ग में सनराइज जड़ोल के सौरभ, 52 किलोग्राम भार वर्ग में महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय (एमएलएसएम कॉलेज) सुंदरनगर के अभिषेक प्रथम रहे।
57 किलोग्राम भार वर्ग में एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर के सानिध्य, 60 किलोग्राम भार वर्ग में एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर के जीयेश, 67 किलोग्राम भार वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र सुंदरनगर के तुषार, 71 किलोग्राम भार वर्ग में एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर के उदय, 81 किलोग्राम भार वर्ग में एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर के विश्वजीत, 81 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र सुंदरनगर के आर्यन राघवा ने बाजी मारी।
महिला वर्ग मुक्केबाजी प्रतियोगिता में 46 किलोग्राम भार वर्ग में सुंदरनगर की कशिश, 51 किलोग्राम भार वर्ग में एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर की रेणुका, 60 किलोग्राम भार वर्ग में एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर की श्रेया, 64 किलोग्राम भार वर्ग में एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर की शिल्पा, 84 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में सनराइज जड़ोल की दीक्षा विजयी रही। एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण भी उपस्थित रहे।