भरमौर (चंबा)। स्तरोन्नत होने के करीब पांच साल बाद भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ग्रां में शिक्षकों के रिक्त पद नहीं भरे जा सके हैं। प्रधानाचार्य सहित सात पद खाली होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) ने अब शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से हस्तक्षेप कर रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है।
एसएमसी के अनुसार, प्रधानाचार्य, राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, हिंदी और कंप्यूटर विज्ञान के प्रवक्ताओं के अलावा टीजीटी हिंदी और पीटीआई के पद रिक्त हैं। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को संबंधित विषयों की पढ़ाई में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
समिति ने बताया कि रिक्त पदों को भरने के लिए कई बार विभाग और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए हैं। 15 अगस्त, 2024 को शिक्षा मंत्री के चंबा प्रवास के दौरान भी व्यक्तिगत रूप से यह मामला उठाया गया था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। एसएमसी ने नियुक्ति और स्थानांतरण आदेशों में बार-बार संशोधन होने पर भी चिंता जताई है। समिति ने शिक्षा मंत्री से प्रधानाचार्य सहित सभी रिक्त पद प्राथमिकता के आधार पर भरने और नियुक्ति व स्थानांतरण आदेशों में बार-बार होने वाले संशोधनों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। वहीं, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जल्द रिक्त पद भरने का आश्वासन दिया है।