मंडी। प्राथमिक विद्यालयों की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव और शिक्षकों की प्रतिनियुक्तियों को लेकर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ बगस्याड ने शिक्षा विभाग के फैसलों पर आपत्ति जताई है। संघ के प्रधान महेंद्र ठाकुर ने कहा कि रिसोर्स शेयरिंग के बाद अब यू-डाइज और स्कूल प्रबंधन समिति के विलय तथा एक ही परिसर में विद्यार्थियों को एकत्रित करने की प्रक्रिया से प्राथमिक विद्यालयों की स्वतंत्र पहचान प्रभावित होने की आशंका है। महासचिव मोहर सिंह ने कहा कि 15 से अधिक विद्यार्थियों और दो जेबीटी वाले स्कूलों से भी शिक्षकों की प्रतिनियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने शिकावरी कांप्लेक्स में केल्टी और जैंशला स्कूलों के लिए जारी प्रतिनियुक्ति आदेशों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। महिला विंग की प्रधान चूड़ावंति ने सीएचटी के प्रशासनिक अधिकारों में हस्तक्षेप का आरोप लगाया। उन्होंने जेबीटी शिक्षकों के आकस्मिक अवकाश से जुड़े मामलों में प्रधानाचार्य स्तर पर हस्तक्षेप का विरोध किया। बैठक में मंडी जिले से पदोन्नत करीब 120 शिक्षकों को दूरदराज क्षेत्रों में भेजने का मुद्दा भी उठा। संघ ने सरकार से शिक्षकों से संवाद, पर्याप्त स्टाफ और प्रतिनियुक्ति नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की। संघ ने कहा कि वह अपनी 25 सूत्रीय मांगों को लेकर 60 दिनों से निदेशालय में भूख हड़ताल पर है। संवाद