चालकों समेत मुसाफिरों को मिलेगी राहत
अमर उजाला इंपैक्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। सरकाघाट-जोगिंद्रनगर सड़क पर जोगिंद्रनगर बस अड्डे से रेलवे स्टेशन और पठानकोट चौक तक उखड़ी टारिंग को दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। इससे इस सड़क से होकर गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। करीब एक साल पहले भूमिगत केबल बिछाने के लिए उखाड़ी गई टारिंग का मामला अमर उजाला समाचार पत्र ने प्रमुखता से उठाया था। हरकत में आए लोक निर्माण विभाग ने अब इसकी मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है।
विभाग के मुताबिक मैटीरियल की उपलब्धता न होने के चलते टारिंग का कार्य अधर में लटका था। जोगिंद्रनगर- सरकाघाट सड़क की हालत सही न होने के कारण वाहनों की आवाजाही के दौरान हर रोज उड़ रही धूल से कारोबारियों का कारोबार भी चौपट हो रहा था।
स्थानीय लोगों विनोद, मुनीष, सुरेंद्र, विरेंद्र, कारोबारी विमल, सुनील, संजय आदि ने बताया कि करीब एक साल पहले पठानकोट चौक से रेलवे क्रॉसिंग फाटक तक स्टेट हाईवे की सड़क को उखाड़ा गया था जिसे दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने अभी तक दिलचस्पी नहीं दिखाई है। जब मामला तूल पकड़ने लगा तो विभाग ने अब टारिंग का कार्य शुरू किया है। इसके बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्रनगर जेपी नायक ने बताया कि जोगिंद्रनगर बाजार में सरकाघाट सड़क पर उखाड़ी गई टारिंग को दुरुस्त किया जा रहा है। उपमंडल की अन्य खस्ताहाल सड़कों को भी पैचवर्क के साथ सुधारा जा रहा है।