जोगिंद्रनगर (मंडी)। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गुरु शरण परमार ने जोगिंद्रनगर में पीलिया से बिगड़े हालात की उच्च स्तरीय जांच और लापरवाह अफसरशाही के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मरीजों में संक्रमण का भय बना हुआ है।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष ने रविवार को जोगिंद्रनगर अस्पताल में उपचाराधीन संक्रमित मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान उनके साथ राकेश कुमार, संतोष ठाकुर, देवी दास, विंकल कुमार सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में दो प्रयोगशालाओं बावजूद अगर मरीजों को महंगे दामों पर निजी प्रयोगशालाओं में टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं। ऐसे में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
गुरु शरण परमार ने यह भी कहा कि यदि अस्पताल की डिस्पेंसरी में जीवनरक्षक दवाओं के भंडारण के बावजूद संक्रमित मरीजों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है तो वे इसकी लिखित शिकायत सरकार और स्वास्थ्य विभाग से करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से जोगिंद्रनगर अस्पताल का दौरा करने और इस बीमारी के उपचार के लिए विशेषज्ञों का एक पैनल गठित कर अस्पताल में भेजने की मांग की।
उन्होंने बताया कि महज 20 दिनों में पीलिया से दो युवाओं की मौत होना एक गंभीर विषय है और सभी पहलुओं की जांच होनी चाहिए। परमार ने स्थानीय विधायक प्रकाश राणा से भी आग्रह किया कि वे आगे आकर इस आपदा की घड़ी में पूरी जिम्मेवारी से काम करें ताकि पीलिया के प्रकोप से उपमंडल वासियों को राहत मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही बिगड़े हालात : पंकज जंवाल
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर में पीलिया से मौतों पर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता पंकज जंवाल ने दुख जताते हुए आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से हालात बिगड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है, तबसे सुक्खू सरकार का अधिकारियों पर कोई नियंत्रण ही नहीं रहा है। इसका खामियाजा आज लोग अपनी जान गंवा कर भुगतने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बरसात शुरू होने से पहले जल जनित रोगों के निपटने की तैयारी विभागों द्वारा की जाती है लेकिन जोगिंद्रनगर में यह तैयारी महज कागजों तक ही में सीमित रह गई। संवाद