मंडी।क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में बेशक बेरा टेस्ट (ब्रेनस्टेम इवोक्ड रिस्पांस ऑडियोमेट्री) की आधुनिक मशीन लगा दी गई है, लेकिन जिस शांति की इस टेस्ट के लिए सबसे ज्यादा जरूरत है, वो सिस्टम के कानों तक पहुंची ही नहीं। क्योंकि न अस्पताल में साउंडप्रूफ ऑडियोमेट्री रूम है और न ही इसकी किसी को फुर्सत।
एनएचएम के तहत करीब 10 लाख रुपये की लागत से अस्पताल को बेरा मशीन तो मिल गई, लेकिन ये मशीन अब शोर-गुल वाले सामान्य कमरे में ही ‘अपना काम’ कर रही है। हालांकि विशेषज्ञों के मुताबिक इस टेस्ट को सफलतापूर्वक करने के लिए साउंडप्रूफ रूम यानी ऑडियोमेट्री जरूरी है, जिसमें न बाहर की आवाज अंदर आए और न अंदर की बाहर जाए।
फिलहाल मंडी अस्पताल की ईएनटी ओपीडी के पास बने एक साधारण कमरे में मरीजों की श्रवण क्षमता की ‘संवेदनशील जांच’ हो रही है। यानि बहरा तो सिस्टम है, मरीजों की सुनने की क्षमता तो अब शोर में ही परखी जा रही है। अस्पताल में ऑडियोलॉजिस्ट की तैनाती के बाद दो महीने से हर हफ्ते सोमवार और बुधवार को बेरा टेस्ट 320 रुपये शुल्क पर किए जा रहे हैं।