बिझड़ी (हमीरपुर)। ग्रामीण क्षेत्रों में एचआरटीसी की बस सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इलेक्ट्रिक बसें आने के बावजूद कई रूट नियमित नहीं हो पाए हैं। ढटवाल क्षेत्र में मैहरे-डंगार और हमीरपुर-शाहतलाई रूट बंद होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और स्कूली बच्चों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इन रूटों पर पहले दिन में तीन से चार लोकल बस सेवाएं चलती थीं।
स्थानीय लोगों अंजना देवी, सतीश शर्मा, सुनीता देवी, राजकुमार, पंचायत प्रधान सकरोह कुलदीप चंद और स्कूली छात्र निशा शर्मा सहित चारू शर्मा ने कहा कि अवाहदेवी-दिल्ली रूट की बस को कई बार मैहरे में खड़ा कर दिया जाता है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है और सेवा में सवारियों की संख्या भी घट रही है। घोड़ीधबीरी-चंडीगढ़ रूट पर करीब 10 साल पुरानी बसें चलने से भी दिक्कत हो रही है। यात्रियों के अनुसार बसें कई बार रास्ते में खराब हो जाती हैं और वे समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते। इसके चलते लोग टैक्सी का सहारा लेने लगे हैं। उन्होंने परिवहन निगम से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
कुछ बसों के स्पेयर पार्ट्स और स्टाफ की कमी रहती है। इलेक्ट्रिक बसें आने के बाद कई रूट बहाल किए गए हैं। शेष रूटों को भी उपलब्ध संसाधनों के अनुसार नियमित करने का प्रयास किया जा रहा है।
— राजकुमार पाठक, मंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर मंडल