महामाया मंदिर से मेला स्थल तक विभिन्न स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत
एडीएम डॉ. मदन कुमार ने देवताओं का पूजन कर भेंट किया नजराना
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर का पांच दिवसीय देवता मेला बुधवार को भव्य शोभायात्रा के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर महामाया मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा की अगुवाई सुकेत अधिष्ठात्री देवी महामाया के रथ ने की।
देवी महामाया के रथ के साथ दूसरी पालकी शिवजी, तीसरी वासुदेव और चौथी पालकी देवी पांगणा की थी। इसके पीछे सुकेत के देवता मेला में शिरकत करने वाले करीब डेढ़ सौ देवी-देवताओं के रथों ने शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई।
समापन पर मंडी के एडीएम मंडी डॉ. मदन कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। राज्य स्तरीय देवता मेला कमेटी के चेयरमैन एवं एसडीएम गिरीश समरा भी इस मौके पर उनके साथ थे। शोभायात्रा के बनेड़ स्थित राजमहल पहुंचने पर पूर्व सुकेत रियासत के राज परिवार ने देवी-देवताओं को चादर भेंट कर सदियों से चली आ रही राज परंपरा का निर्वाह किया। सुकेत अधिष्ठात्री देवी महामाया के मंदिर में बुधवार सुबह से ही देवी-देवताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। ग्यारह बजे तक देवता मेला में शिरकत करने वाले सभी देवी-देवता महामाया मंदिर पहुंच गए थे।
समापन समारोह के शुभारंभ पर मुख्यातिथि डॉ. मदन कुमार ने महामाया मंदिर में विधिपूर्वक पूजा अर्चना की। इसके बाद देवी महामाया की अगुआई में देवी-देवताओं जातर जिसे राजे की जातर कहा जाता है, पूर्व सुकेत रियासत के रंग महल में पहुंची। जहां जातर के पहुंचने पर राजपरिवार के सदस्य कुंवर आर्यमन सिंह ने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर उन्हें चादर भेंट की। इसके बाद शोभायात्रा मुख्य अतिथि के नेतृत्व में जवाहर पार्क के लिए रवाना हुई। जो चतरोखड़ी, ललित नगर, सलाह और भोजपुर होते हुए सामुदायिक भवन में करीब चार बजे पंहुची। जहां मुख्य अतिथि ने नव कन्या पूजन कर मेला स्थल में जाकर देवी-देवताओं को मेला कमेटी की ओर से चादर और नजराना अर्पित किया।
इस मौके पर उन्होंने मेला की स्मारिका का भी विमोचन किया। समापन अवसर पर सुकेत सर्व देवता कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक सोनी, डीएसपी भारत भूषण, तहसीलदार अंकित शर्मा, बीडीओ विवेक चौहान, पेंशनर्ज समाज के प्रदेशाध्यक्ष एजी शेख सव अन्य मौजूद रहे। इधर, पांच दिवसीय राज्य स्तरीय देवता मेला में किए गए बेहतर इंतजाम के लिए सुकेत सर्व देवता कमेटी के प्रधान डॉ. अभिषेक सोनी व अन्य सदस्यों ने मेला कमेटी का आभार जताया है।