फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Crime: नशे में बेटे ने पिता पर किया हमला, बचाव करने आईं मां की सिर पर डंडा मार हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Mon, 22 Jun 2026 10:26 AM IST
Ankesh Dogra संवाद न्यूज एजेंसी, सुंदरनगर (मंडी)।

सार

मंडी जिले के सुंदरनगर के गहरी गांव में घरेलू विवाद के दौरान 40 वर्षीय बेटे ने कथित रूप से डंडे से हमला कर अपनी मां पार्वती देवी की हत्या कर दी। हमले में पिता भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है तथा घटना की जांच जारी है।
विज्ञापन
हत्या (सांकेतिक तस्वीर)। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के उपमंडल सुंदरनगर की जयदेवी पंचायत के गहरी गांव में एक बेटे ने नशे की हालत में किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर पिता पर डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान जब बीच बचाव करने मां आईं तो उसने उनके सिर पर डंडे से जोर से प्रहार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह प्लंबर का काम करता था। कोर्ट ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। महिला राज्य सचिवालय शिमला में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थीं।

विज्ञापन

घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। पुलिस के अनुसार गहरी गांव निवासी फागनू राम और उनके बेटे खेमा राम (40) के बीच खाना खाने के बाद कहासुनी हो गई। पिता का आरोप है कि उस समय खेमा राम नशे की हालत में था। विवाद बढ़ने पर उसने डंडे से पहले पिता पर हमला कर दिया। झगड़े का शोर सुनकर फागनू राम की पत्नी पार्वती देवी पहुंची तो आरोपी ने उनके सिर पर डंडे से तेज वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से पार्वती देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

शनिवार को ही वह शिमला से गांव आई थीं। घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रात करीब 11 बजे पुलिस पहुंची। घायल फागनू राम को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया। सोमवार सुबह पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पिता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
विज्ञापन

पति को बचाते खुद मौत के मुंह में चली गई पत्नी
जयदेवी क्षेत्र के गहरी गांव में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड में एक मां को अपने पति को बचाने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। मृतका पार्वती देवी प्रदेश सचिवालय शिमला में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थीं। वह घर में मक्की की बिजाई के लिए शनिवार को शिमला से गांव आई थीं। परिजनों के अनुसार रविवार को पति-पत्नी ने दिनभर खेतों में काम किया। रात को उनका बेटा नशे की हालत में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पिता फागनु राम से उलझ पड़ा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पति को बेटे से बचाने के लिए बीचबचाव करने आईं पार्वती देवी की डंडे के वार से मौके पर ही मौत हो गई।

पार्वती देवी लंबे समय से शिमला में अपने बेटे, बहू और पोते के साथ रह रही थीं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उन्हीं के कंधों पर थी। उनका बेटा निजी तौर पर प्लंबिंग का काम करता था, लेकिन नशे का आदी बताया जा रहा है। घटना के समय भी वह नशे में था। जिस मां ने बेटे का पालन-पोषण कर उसे बड़ा किया, उसी की जान उसके हाथों चली गई।

बुढ़ापे में छिन गया सहारा
इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घायल फागनु राम ने अपनी जीवनसंगिनी खो दी है, जो परिवार का सबसे बड़ा सहारा थीं। परिवार में एक अन्य बेटा और एक बेटी भी है। बेटी की शादी हो चुकी है जबकि बहू और पोता शिमला में रहते हैं। हादसे के बाद फागनु राम खुद को पूरी तरह अकेला महसूस कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें