चिट्टे के खिलाफ सभी दल आएं आगे : सुक्खू
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए शुरू किए गए इस जन आंदोलन में सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को आगे आना चाहिए। मंडी में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता वाकथॉन में जिले के अन्य विधायक भी शामिल होते तो अच्छा रहता।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को पड्डल मैदान में आयोजित वाकथॉन के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को राजनीतिक नजरिये से नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जाना चाहिए।
करीब एक साल पहले शुरू किया था जन आंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने करीब एक साल पहले युवा पीढ़ी को साथ लेकर चिट्टे के खिलाफ जन आंदोलन शुरू किया था। मंडी में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखकर उन्हें खुशी हुई है। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार से जुड़ी मुहिम है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना और प्रदेश को चिट्टामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करना है।
सामाजिक कार्यक्रमों के लिए निमंत्रण जरूरी नहीं
सुक्खू ने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए किसी निमंत्रण की आवश्यकता नहीं होती। कोई भी जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दल इस मुहिम का हिस्सा बन सकता है। उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। सरकार का उद्देश्य सभी के सहयोग से हिमाचल को चिट्टामुक्त बनाना है।