रजत ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा ने निकाली रैली
एसडीएम कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। पंचायत रोस्टर में बार-बार किए जा रहे फेरबदल को लेकर क्षेत्र में सियासी माहौल गरमा गया है। इसी मुद्दे पर सोमवार को धर्मपुर में भाजपा ने प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर के नेतृत्व में आक्रोश रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले धर्मपुर बाजार में रैली निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने पंचायत रोस्टर में बार-बार बदलाव को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और इसे जनविरोधी करार दिया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने धरना-प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी प्रकट की। इस मौके पर रजत ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से रोस्टर में बार-बार फेरबदल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में मिलीभगत की बू आ रही है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रोस्टर में बार-बार किए जा रहे बदलाव को तुरंत नहीं रोका गया, तो भाजपा इस मामले को न्यायालय में ले जाएगी और याचिका दायर कर न्याय की मांग करेगी। धरना-प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया, जगदीश बिट्टा, भाजपा मंडल अध्यक्ष लेख राज और विनोद ठाकुर सहित अन्य ने एक स्वर में सरकार से रोस्टर प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और बार-बार हो रहे बदलाव पर रोक लगाने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।