कहा-पहले विस चुनाव में झूठी गारंटियाें से ठगकर बनाई थी सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि कांग्रेसियों ने पहले तो झूठी घोषणाओं के सहारे जनता को ठगकर सरकार बना ली थी, लेकिन अब यही घोषणाएं मौजूदा सूक्खू सरकार के गले की फांस बनी हैं। लगभग डेढ़ साल से लगातार बजट का रोना रो रहे हैं। पिछले 14 महीनों में 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज लेकर रोते-पीटते सरकार चला रहे हैं। इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि सरकार विकास कार्यों का ढोल तो खूब पीट रही है, लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ है। अब जैसे ही लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं तो उन्हें देख सुक्खू सरकार ने घोषणाओं की झड़ी लगाना फिर से शुरू कर दी है। महिलाओं को 1,500 रुपये देने की गारंटी को कांग्रेसी पूरा करने का दावा कर रहे हैं। उसके लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने अपने परंपरागत रवैये को बरकरार रखते हुए जनता से छलावा किया है। अभी दोबारा आनन-फानन से निर्णय लेकर फजीहत भरी एरियर देने की घोषणा कर ठगने की कोशिश की और बाद में उसे वापस ले लिया गया। इससे इनकी कर्मचारी विरोधी मंशा साफ नजर आती है।