धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर किसान उत्पादक संघ (एफपीओ) ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) के मुख्यालय हौज खास, दिल्ली में श्री अन्न शुगर कंट्रोल मिश्रित आटे को बिक्री के लिए लॉन्च किया। इस उत्पाद को एनसीडीसी के उपमहानिदेशक रोहित गुप्ता ने जारी किया।
इस अवसर पर एफपीओ के अध्यक्ष सत्तपाल सिंह चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. मोहनलाल भरमौरिया, सचिव भूपेंद्र सिंह घरवासड़ा और श्री अन्न महिला एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर की प्रभारी सरोजनी बिष्ट समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
एफपीओ के अध्यक्ष सत्तपाल सिंह और सचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यह आटा खाद्य विशेषज्ञ डॉ. हरदयाल सिंह गुलेरिया ने मोटे अनाजों और दालों के मिश्रण से तैयार किया है। इसे घरवासड़ा में स्थापित प्रोसेसिंग केंद्र में तैयार किया गया है। एफपीओ ने धर्मपुर के विभिन्न क्षेत्रों में पांच लघु प्रोसेसिंग सेंटर स्थापित करने का भी निर्णय लिया है, जिनमें से दो पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं।