जोगिंद्रनगर (मंडी)। पीएम श्री राजकीय आदर्श कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर में मतदाता दिवस से पूर्व एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज चौहान ने की। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने अनुभव साझा किए। पाठशाला के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की छात्राओं ने भाषण, नारे, पेंटिंग, मतदाता शपथ और समूह गान के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।
राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता विनोद गुलेरिया और मीरा ठाकुर ने मतदाता व मतदान के महत्व पर अपने विचार रखे। मंच संचालन कर रही छात्रा अपूर्वा ठाकुर ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका को रेखांकित किया। छात्रा कशिश, रिद्धिमा, महक, पायल, तमन्ना और मुस्कान सहित अन्य छात्राओं ने मतदाता दिवस के महत्व पर विचार व्यक्त किए। प्रधानाचार्य मनोज चौहान ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना अत्यंत आवश्यक है। संवाद